जयपुर। राजस्थान की राजनीति में पंचायत चुनावों के नतीजों ने एक नई पटकथा लिख दी है। सत्ता के गलियारों में बैठकर चुनावी रणनीति बनाने वाली भाजपा को गांवों की चौपालों से ऐसा जवाब मिला है, जिसने प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। जिस भाजपा को कुछ महीने पहले तक शहरी निकाय चुनावों की सफलता अपनी ताकत का प्रमाण लग रही थी, उसी पार्टी को ग्रामीण राजस्थान ने आईना दिखा दिया। जिला परिषद से लेकर पंचायत समितियों तक कांग्रेस की बढ़त ने भाजपा के राजनीतिक आत्मविश्वास को बड़ा झटका दिया है।
पंचायत चुनावों में भाजपा सत्ता का तिलिस्म टूटा, राजस्थान के राजनीतिक में समीकरण बदलने के संकेत!
Updated:
जयपुर। राजस्थान की राजनीति में पंचायत चुनावों के नतीजों ने एक नई पटकथा लिख दी है। सत्ता के गलियारों में बैठकर चुनावी रणनीति बनाने वाली भाजपा को गांवों की चौपालों से ऐसा जवाब मिला…

Highlights
- 2028 से पहले भाजपा के लिए खतरे की घंटी
- मंत्रियों के गढ़ में ही खिल नहीं पाया कमल
- मुख्यमंत्री के क्षेत्र में भी आरएलपी ने दिखाई ताकत
यह हार केवल सीटों का नुकसान नहीं है। यह उस राजनीतिक सोच के लिए भी चुनौती है, जिसमें सत्ता, संगठन और बड़े चेहरों के दम पर हर चुनाव जीत लेने का भरोसा दिखाई देता है।
पंचायत चुनावों ने बता दिया कि गांव का मतदाता न तो किसी चेहरे का स्थायी समर्थक है और न ही सत्ता के प्रभाव में अपना फैसला बदलता है। उसे अपने गांव की सड़क, पानी, बिजली, रोजगार, किसान की फसल और सरकारी योजनाओं का हिसाब चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सत्ता से बाहर करने वाली भाजपा महज तीन साल के भीतर ग्रामीण मतदाताओं का भरोसा क्यों नहीं बचा पाई?
आंकड़ों ने खोली भाजपा की राजनीतिक कमजोरियों की पोल
पंचायत चुनावों के परिणाम भाजपा के लिए किसी राजनीतिक झटके से कम नहीं हैं। पंचायत समिति की 3,758 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 2,213 सीटों पर सिमट गई। जिला परिषद में कांग्रेस ने 794 सीटें हासिल कीं, जबकि भाजपा को 357 सीटों से संतोष करना पड़ा।
पंचायत समिति में 37 में से 33 जिलों में कांग्रेस की बढ़त और जिला परिषद में 23 जिलों में स्पष्ट बहुमत ने यह साफ कर दिया कि मुकाबला केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहा। ग्रामीण राजस्थान के बड़े हिस्से में भाजपा को चुनौती मिली है।
इन परिणामों ने कांग्रेस के खेमे में उत्साह भर दिया है। वहीं भाजपा के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती अपनी हार के कारण तलाशने और संगठन को दोबारा खड़ा करने की है।
मुख्यमंत्री के क्षेत्र में आरएलपी की दस्तक, भाजपा के लिए खतरे की घंटी
इन चुनावों का सबसे दिलचस्प और चौंकाने वाला पहलू मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर का परिणाम रहा। यहां पंचायत समिति की 15 सीटों में से आरएलपी ने आठ सीटें जीतकर सबको चौंका दिया। भाजपा और कांग्रेस को तीन-तीन सीटें मिलीं।
मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र में आरएलपी का यह प्रदर्शन केवल स्थानीय चुनावी सफलता नहीं, बल्कि बदलते ग्रामीण राजनीतिक समीकरणों का संकेत भी है। सवाल उठना लाजिमी है कि जब मुख्यमंत्री के अपने क्षेत्र में भाजपा को अपेक्षित समर्थन नहीं मिला तो प्रदेश के दूसरे क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
हनुमान बेनीवाल की आरएलपी ने इस प्रदर्शन से यह भी संकेत दिया है कि राजस्थान की राजनीति अब केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच सीमित नहीं रहने वाली।
मंत्रियों के इलाके में ही नहीं चला सत्ता का जादू
भाजपा के लिए सबसे ज्यादा चिंता की बात यह रही कि कई बड़े नेताओं और मंत्रियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में भी पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस ने जिला परिषद की 31 में से 21 सीटें जीत लीं। जयपुर ग्रामीण में कांग्रेस ने 57 में से 41 सीटें हासिल कर भाजपा को बड़ा झटका दिया।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा के श्रीमाधोपुर क्षेत्र में उनके परिवार के चार सदस्यों को हार का सामना करना पड़ा। उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के प्रभाव वाले झोटवाड़ा में भाजपा पंचायत समिति की 15 सीटों में से केवल एक सीट जीत सकी, जबकि कांग्रेस ने आठ सीटें हासिल कीं।
इन परिणामों ने भाजपा के भीतर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है—जब मंत्री अपने राजनीतिक प्रभाव वाले क्षेत्रों में ही पार्टी को जीत नहीं दिला पा रहे हैं तो फिर संगठन की जमीनी पकड़ का दावा कितना मजबूत है?
क्या जनता ने सरकार के तीन साल का हिसाब मांग लिया?
भाजपा की हार के पीछे सरकार के खिलाफ संभावित एंटी इनकम्बेंसी को प्रमुख कारण माना जा रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान जनता ने भाजपा को बड़े भरोसे के साथ सत्ता सौंपी थी। रोजगार, किसानों की समृद्धि, बिजली, पानी और विकास के वादों ने ग्रामीण मतदाताओं को आकर्षित किया था। लेकिन पंचायत चुनावों में मतदाता के सामने अब वादों के बजाय कामकाज का सवाल था।
गांवों में किसानों की फसल का उचित मूल्य, सिंचाई के लिए पानी, बिजली की उपलब्धता, खाद की किल्लत, सड़कों की हालत, चिकित्सा सुविधाएं और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दे महत्वपूर्ण रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में यदि इन समस्याओं को लेकर असंतोष है तो उसका असर सीधे सत्ताधारी दल के प्रत्याशियों पर पड़ना स्वाभाविक है।
ग्रामीण मतदाता के लिए दिल्ली और जयपुर की बड़ी घोषणाओं से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि उसके गांव में सड़क कब बनेगी, पेयजल की समस्या कब दूर होगी और सरकारी कार्यालय में उसका काम कितनी आसानी से होगा। यही वह जमीन है जहां भाजपा की चुनावी रणनीति कमजोर पड़ती दिखाई दी।
मोदी के चेहरे पर भरोसा या गांव के प्रत्याशी की छवि?
भाजपा की सबसे बड़ी चुनावी ताकत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चेहरा और पार्टी का मजबूत संगठन रहा है। लेकिन पंचायत चुनावों ने एक बार फिर साबित किया कि स्थानीय चुनावों की राजनीति राष्ट्रीय चुनावों से बिल्कुल अलग होती है।
यहां मतदाता प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री के भाषण से ज्यादा अपने गांव के प्रत्याशी को जानता है। कौन उसके सुख-दुख में शामिल हुआ, किसने गांव की समस्या उठाई और किसने चुनाव के बाद भी लोगों के बीच अपनी मौजूदगी बनाए रखी—ये सवाल निर्णायक बनते हैं।
भाजपा की रणनीति में कहीं न कहीं स्थानीय नेतृत्व की अनदेखी, बड़े नेताओं पर अत्यधिक निर्भरता और जमीनी कार्यकर्ताओं की नाराजगी भारी पड़ी हो सकती है।
टिकट वितरण और गुटबाजी ने भी बिगाड़ा खेल
राजस्थान भाजपा में संगठनात्मक मजबूती का दावा लंबे समय से किया जाता रहा है, लेकिन पंचायत चुनावों ने स्थानीय स्तर पर गुटबाजी और असंतोष की संभावनाओं को उजागर किया है।
कई क्षेत्रों में टिकट वितरण को लेकर नाराजगी, पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, स्थानीय नेताओं की खींचतान और बागियों की मौजूदगी ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया हो सकता है।
पंचायत चुनावों में एक सीट का अंतर भी सत्ता का समीकरण बदल सकता है। ऐसे में यदि पार्टी के अपने कार्यकर्ता ही प्रत्याशी के साथ पूरी ताकत से नहीं खड़े हों तो मजबूत संगठन भी कमजोर पड़ जाता है।
कांग्रेस ने भाजपा की दुखती रग पर रखा हाथ
कांग्रेस ने इस चुनाव में ग्रामीण समस्याओं को अपना प्रमुख हथियार बनाया। बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याएं, मनरेगा और स्थानीय विकास जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति का उसे फायदा मिलता दिखाई दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के लिए ये नतीजे राजनीतिक संजीवनी साबित हो सकते हैं। लंबे समय से सत्ता से बाहर कांग्रेस को अब गांवों में अपनी वापसी का अवसर मिला है।
हालांकि कांग्रेस के सामने भी चुनौती कम नहीं है। चुनाव जीतना एक बात है और पंचायतों में प्रभावी प्रशासन देना दूसरी। यदि कांग्रेस इन संस्थाओं में बेहतर काम करती है तो यह बढ़त 2028 के विधानसभा चुनावों में उसके लिए मजबूत आधार बन सकती है।
बेनीवाल ने भाजपा-कांग्रेस दोनों को दिया संदेश
आरएलपी के प्रदर्शन ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। हनुमान बेनीवाल ने एक बार फिर साबित करने की कोशिश की है कि राजस्थान में तीसरी राजनीतिक ताकत की गुंजाइश मौजूद है।
विशेषकर जाट बहुल क्षेत्रों में आरएलपी का प्रभाव भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए चुनौती बन सकता है। सांगानेर में मिली सफलता ने पार्टी के आत्मविश्वास को बढ़ाया है।
यदि आरएलपी इस जनाधार को आगे भी बनाए रखती है तो 2028 के विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। इसका सबसे बड़ा नुकसान उस दल को होगा जिसके वोट बैंक में आरएलपी सबसे अधिक सेंध लगाएगी
शहरी जीत का नशा ग्रामीण हार में बदला?
भाजपा ने सितंबर में हुए नगरीय निकाय चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया था। पार्टी ने 301 में से 197 निकायों में बोर्ड बनाए थे। इन नतीजों से भाजपा का आत्मविश्वास बढ़ा था, लेकिन पंचायत चुनावों ने तस्वीर बदल दी।
शहरों में जीत का फार्मूला गांवों में काम नहीं आया। शहरी मतदाताओं के मुद्दे अलग हैं और ग्रामीण मतदाताओं की अपेक्षाएं अलग। पंचायत चुनावों में व्यक्तिगत संपर्क, जातीय समीकरण, स्थानीय विकास और प्रत्याशी की छवि का प्रभाव अधिक रहता है।
भाजपा यदि शहरी चुनावों की सफलता को पूरे प्रदेश में अपने जनाधार का प्रमाण मान बैठी थी तो पंचायत चुनावों के नतीजों ने उस सोच को गलत साबित कर दिया।
2028 से पहले भाजपा के लिए खतरे की घंटी
इन चुनावों को विधानसभा चुनाव 2028 का सेमीफाइनल कहना जल्दबाजी होगी, लेकिन इन्हें सामान्य स्थानीय चुनाव मानकर नजरअंदाज करना भाजपा के लिए बड़ी राजनीतिक भूल साबित हो सकती है।
ग्रामीण राजस्थान ने सत्ता को स्पष्ट संदेश दिया है कि जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए केवल चुनावी वादे पर्याप्त नहीं हैं। सरकार को गांवों में अपने कामकाज का असर दिखाना होगा। मंत्रियों को अपने क्षेत्रों में सक्रिय होना होगा और संगठन को बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करनी होगी।
कांग्रेस के लिए यह जीत वापसी का मौका है, जबकि आरएलपी के लिए विस्तार का अवसर। भाजपा के लिए यह आत्ममंथन का समय है।
सबसे बड़ा सवाल अब यही है कि क्या भाजपा इन नतीजों को महज पंचायत चुनावों की हार मानकर आगे बढ़ जाएगी या फिर गांवों से उठे इस राजनीतिक संदेश को समझकर अपनी रणनीति बदलेगी?
क्योंकि राजस्थान की राजनीति में एक बात फिर साबित हुई है—सत्ता का रास्ता केवल जयपुर के सत्ता गलियारों से नहीं, गांवों की चौपालों से होकर भी गुजरता है। और इस बार चौपालों का फैसला भाजपा के पक्ष में नहीं आया।
Comments
Comments close 30 days after publication.