

जयपुर, 22 नवंबर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने रविवार को शासन सचिवालय स्थित राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की अब तक की प्रक्रिया के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन और निर्वाचन प्रबंधन में किए गए नवाचारों के लिए श्री सिंह तथा आयोग की टीम को बधाई दी।
भेंट के दौरान ‘एक राज्य, एक चुनाव’ की व्यापक अवधारणा के संदर्भ में प्रदेश के निर्वाचन अनुभवों पर चर्चा हुई। राजस्थान में ‘एक राज्य, एक चुनाव’ के तहत नगरीय निकाय चुनाव दो चरण तथा पंचायतीराज चुनाव चार चरणों में आयोजित किए गए। इस व्यवस्था से मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की उपलब्धता और प्रशासनिक संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित करने में सहायता मिली।
