बूंदी महोत्सव के अंतर्गत 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक बूंदी के कुंभा स्टेडियम, खोजा गेट रोड में उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला का आयोजन किया जाएगा।
मेले में होंगे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम
मेले में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से करीब 200 स्टॉल लगाई जाएंगी। इनमें सहारनपुर का फर्नीचर, नक्काशीदार पत्थर के उत्पाद, बीकानेरी भुजिया, कश्मीरी शॉल, ऊनी कपड़े, भदोही की कालीन, नागपुर की ज्वैलरी, बगरू एवं सांगानेरी प्रिंट की बेडशीटें और रेडीमेड गारमेंट्स के उत्पाद प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
- मेले के दौरान 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक सांस्कृतिक एवं रंगारंग कार्यक्रम होंगे।
- मेले के अंतिम दिन 7 दिसंबर को 'बेस्ट ऑफ सॉन्ग' कार्यक्रम के साथ मेला समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
आपके काम की बात
मेले के साथ ही पंच गौरव कार्यक्रम के अंतर्गत 'एक जिला एक उत्पाद-2026' (ODOP) की विशेष प्रदर्शनी एवं महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए अमृता हाट का आयोजन किया जाएगा। मेले में आमजन के मनोरंजन के लिए पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों का फूड जोन, बच्चों के लिए आकर्षक झूले, जलपरी का शो, पारंपरिक हस्तशिल्प का प्रदर्शन तथा राज्य सरकार की विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यमिता योजनाओं की जानकारी के लिए विभागीय परामर्श शिविर लगाए जाएंगे।
