Skip to content
BREAKING

सीएसआईआर-राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला ने 53वें शांति स्वरूप भटनागर स्मृति टूर्नामेंट, प्रथम जोनल (आउटडोर) 2026 की मेजबानी की

Updated:

सीएसआईआर-राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनपीएल), नई दिल्ली ने 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक 53वें शांति स्वरूप भटनागर स्मृति टूर्नामेंट (एसएसबीएमटी), प्रथम जोनल (आउटडोर) 2026 की मेजबानी की। सीएसआईआर खेल प्रोत्साहन बोर्ड (एसपीबी) के तत्वावधान में सीएसआईआर-एनपीएल क्लब द्वारा आयोजित इस टूर्न

सीएसआईआर-राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला ने 53वें शांति स्वरूप भटनागर स्मृति टूर्नामेंट, प्रथम जोनल (आउटडोर) 2026 की मेजबानी की
— पत्र सूचना कार्यालय (PIB), भारत सरकार

सीएसआईआर-राष्ट्रीय भौतिक प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनपीएल), नई दिल्ली ने 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक 53वें शांति स्वरूप भटनागर स्मृति टूर्नामेंट (एसएसबीएमटी), प्रथम जोनल (आउटडोर) 2026 की मेजबानी की। सीएसआईआर खेल प्रोत्साहन बोर्ड (एसपीबी) के तत्वावधान में सीएसआईआर-एनपीएल क्लब द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में देशभर की विभिन्न सीएसआईआर प्रयोगशालाओं की क्रिकेट और वॉलीबॉल की आठ-आठ टीमों ने भाग लिया। क्रिकेट में 112 और वॉलीबॉल में 64 खिलाड़ी शामिल हुए।

23 अक्टूबर को आयोजित उद्घाटन समारोह में सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. (श्रीमती) एन. कलैसेल्वी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर सीएसआईआर-केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) के निदेशक और सीएसआईआर खेल प्रोत्साहन बोर्ड के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप कुमार रामनचरला भी उपस्थित थे।

सभा को संबोधित करते हुए महानिदेशक ने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सभी के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक, तकनीकी और वैज्ञानिक कर्मचारियों सहित विभिन्न संवर्गों के कर्मचारी इस टूर्नामेंट में भाग ले रहे थे। यहां तक कि सीएसआईआर-हिमालयन जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएचबीटी), पालमपुर के निदेशक भी प्रतिभागियों में शामिल थे। प्रो. प्रदीप कुमार ने सभी प्रतिभागियों को सहनशक्ति, लचीलेपन और ताकत पर काम करने तथा स्वस्थ जीवनशैली के हिस्से के रूप में प्राणायाम का अभ्यास करने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह के दौरान एसपीबी के नए 2026 दिशानिर्देश जारी किए गए और टूर्नामेंट की स्मारिका का विमोचन किया गया।

26 अक्टूबर 2026 को आयोजित समापन समारोह में सीएसआईआर-राष्ट्रीय विज्ञान संचार एवं नीति अनुसंधान संस्थान (एनआईएससीपीआर) की निदेशक डॉ. गीता वाणी रायसम मुख्य अतिथि तथा एसपीबी की सचिव डॉ. अनुराधा मधुकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस जोनल-I टूर्नामेंट से क्रिकेट और वॉलीबॉल में दो-दो टीमों ने अगले चरण के लिए पात्रता हासिल की। क्रिकेट में सीएसआईआर-राष्ट्रीय समुद्र विज्ञान संस्थान (एनआईओ), गोवा और सीएसआईआर-केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिकी अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (सीईईआरआई), पिलानी ने, जबकि वॉलीबॉल में सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ और सीएसआईआर-सीईईआरआई, पिलानी ने अगले चरण के लिए पात्रता हासिल की। डॉ. गीता वाणी रायसम और डॉ. अनुराधा ने पात्रता हासिल करने वाली टीमों को बधाई दी और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

डॉ. नीरज चौधरी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

स्रोत: Times of Rajasthan

Source: Times of Rajasthan

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News