Skip to content
हिन्दी
BREAKING

RCA एडहॉक कमेटी का बड़ा फैसला,गंभीर शिकायतों पर भरतपुर जिला क्रिकेट संघ निलंबित

Updated:

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी ने भरतपुर जिला क्रिकेट संघ को निलंबित कर दिया है। एडहॉक कमेटी का कहना है कि भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव के खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जिसमें जिला क्रिकेट संघ के…

जयपुर। राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी ने भरतपुर जिला क्रिकेट संघ को निलंबित कर दिया है। एडहॉक कमेटी का कहना है कि भरतपुर जिला क्रिकेट संघ के सचिव के खिलाफ कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जिसमें जिला क्रिकेट संघ के संचालन और बाहर के खिलाड़ियों को टीम में सलेक्शन से जुड़ा मुद्दा शामिल था। इसके बाद भरतपुर जिला क्रिकेट संघ को निलंबित कर दिया गया है और तब तक राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी जिला संघ का कार्य संभालेगी।

जांच कमेटी गठित -

कन्वीनर मोहित यादव ने कहा कि बच्चों और युवा खिलाड़ियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में शिकायतें सही पाई जाती हैं, तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही एडहॉक कमेटी की प्राथमिकता है। पूरे मामले की जांच के लिए गठित समिति में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। समिति में एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश, एक चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए), एक अधिवक्ता और एक पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी शामिल होंगे। यह समिति शिकायतों की विस्तृत जांच कर अपनी रिपोर्ट एडहॉक कमेटी को सौंपेगी।

सिलेक्शन के बदले पैसे मांगने के आरोप

मोहित यादव ने बताया- जिला संघ के पदाधिकारियों पर खिलाड़ियों के चयन के बदले पैसे मांगने के भी आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा कुछ महिला खिलाड़ियों ने भी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई हैं। इन शिकायतों की प्रकृति को देखते हुए RCA ने मामले को गंभीरता से लिया है और विस्तृत जांच का फैसला किया है।

उन्होंने कहा- जांच समिति सभी पक्षों के बयान दर्ज करेगी और उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों की समीक्षा करेगी। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पदाधिकारियों और जिला संघ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं यदि शिकायतें निराधार साबित होती हैं तो भरतपुर जिला क्रिकेट संघ को उसकी शक्तियां वापस सौंप दी जाएंगी।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News