एम्स्टेलवीन। एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम गुरुवार को जर्मनी के खिलाफ पांचवें-छठे स्थान के वर्गीकरण मुकाबले में उतरेगी। भारतीय टीम की कोशिश टूर्नामेंट का शानदार प्रदर्शन जीत के साथ खत्म करने और विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज करने की होगी। मुकाबला एम्स्टेलवीन के वागेनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।
भारतीय टीम सेमीफाइनल में जगह नहीं बना सकी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे चरण के मुकाबले में 0-0 से ड्रॉ के बाद भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदें समाप्त हो गई थीं। इसके बावजूद टीम ने पूरे टूर्नामेंट में मजबूत प्रदर्शन किया है और अब तक खेले पांच मुकाबलों में उसे केवल एक हार मिली है। भारत ने चीन, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ ड्रॉ हासिल किए, जबकि दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।
भारत के सामने अब दो बार की विश्व चैंपियन जर्मनी की चुनौती होगी। जर्मनी भी सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के बाद पांचवें स्थान के मुकाबले में पहुंचा है। ऐसे में दोनों टीमों के बीच मुकाबला कड़ा होने की उम्मीद है। भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे और उनके साथियों की नजर मजबूत डिफेंस के साथ-साथ गोल करने के मौकों को भुनाने पर रहेगी।
