केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर इटली के लिए रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के दौरान वह भारत-इटली विज्ञान संवाद में भाग लेंगे और वहां के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
पत्र सूचना कार्यालय (PIB) के अनुसार, इस आधिकारिक यात्रा का मुख्य उद्देश्य यूरोप के साथ भारत के वैज्ञानिक जुड़ाव को मजबूत करना है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे केंद्रीय मंत्री इटली के अंतरिक्ष, एयरोस्पेस और अनुसंधान सहयोग से जुड़े मंत्रियों के साथ अहम बैठकें करेंगे।
प्रमुख बैठकें और कार्यक्रम
यात्रा के दौरान 12 नवंबर को रोम में दूसरा भारत-इटली विज्ञान एवं नवाचार संवाद आयोजित किया जाएगा। डॉ. जितेंद्र सिंह इटली की विश्वविद्यालय एवं अनुसंधान मंत्री अन्ना मारिया बर्निनी और अंतरिक्ष एवं एयरोस्पेस नीति के प्रभारी मंत्री एडोल्फो उर्सो के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
