नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने टोल प्लाजा पर सार्वजनिक शौचालयों और पार्किंग क्षेत्रों के उन्नयन, रखरखाव तथा स्मार्ट निगरानी के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है।

शौचालयों की सफाई और मरम्मत पर जोर

नए दिशा-निर्देशों के तहत मौजूदा शौचालयों की तकनीकी जांच कराई जाएगी। जरूरत के अनुसार फर्श, पाइपलाइन, नल, रोशनी, वेंटिलेशन और जल निकासी व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। सफाई का समय शौचालयों के आकार और यात्रियों की संख्या के आधार पर निर्धारित होगा।

महिलाओं और रात में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के लिए शौचालयों तथा पार्किंग क्षेत्रों तक जाने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी और CCTV निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें भी उपलब्ध कराने के निर्देश हैं। प्रत्येक संबंधित टोल प्लाजा पर दिव्यांगजनों के लिए कम से कम एक बाधारहित प्रवेश वाला सुलभ शौचालय होना आवश्यक होगा।