Skip to content
हिन्दी
BREAKING

बीकानेर आज चुनेगा अपनी नई सरकार, 79 वार्डों में मतदान

448 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक वोटिंग

Updated:

बीकानेर, 9 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में आज बीकानेर नगर निगम के 79 वार्डों के लिए मतदान होगा। शहर की जनता अपने वार्ड के प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान करेगी।…

बीकानेर आज चुनेगा अपनी नई सरकार, 79 वार्डों में मतदान

बीकानेर, 9 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण में आज बीकानेर नगर निगम के 79 वार्डों के लिए मतदान होगा। शहर की जनता अपने वार्ड के प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान करेगी। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कुल 448 मतदान केंद्रों पर कराया जाएगा।

मतदान के लिए मंगलवार को 448 मतदान दल राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय से अपने-अपने गंतव्य स्थलों के लिए रवाना हुए। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने मतदान दलों की रवानगी व्यवस्था का निरीक्षण किया और अधिकारियों एवं कार्मिकों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अंतिम प्रशिक्षण के बाद सौंपा मतदान सामग्री

रवानगी से पहले सभी मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद दल प्रभारियों को आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध करवाई गई। प्रत्येक मतदान दल में पीठासीन अधिकारी सहित मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय और तृतीय—कुल चार कार्मिक शामिल हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफर दल भी तैनात किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान कार्मिकों से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना करने तथा किसी भी प्रकार के दबाव अथवा भय से मुक्त होकर जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर संबंधित सक्षम अधिकारी को तत्काल सूचना दी जाए।

इस दौरान बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त स्नेहल धायगुड़े नाना, उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस मनु गर्ग, एडीएम (सिटी) रीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस विभाग पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।

बीकानेर नगर निगम के 79 वार्डों में होने वाला यह मतदान शहर की आगामी स्थानीय सरकार की तस्वीर तय करेगा। चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य के साथ-साथ शहर की स्थानीय राजनीति की दिशा भी आज मतदाताओं के फैसले से तय होगी।

Share

Comments

0 / 1200

Comments close 30 days after publication.

Related News