- राजस्थान में देश की पहली सोडियम-आयन बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली का पायलट प्रोजेक्ट होगा शुरू
- जयपुर डिस्कॉम और ग्लोबल एनर्जी एलायंस फॉर पीपल एंड प्लैनेट ने किया आरएफपी जारी
- जयपुर में विकसित होगी 250 किलोवाट/250 किलोवाट-घंटा क्षमता की परियोजना
- बिजली की पीक डिमांड के प्रबंधन और रूफटॉप सोलर ऊर्जा के बेहतर उपयोग की संभावनाओं का होगा आकलन
जयपुर, 28 अक्टूबर। राजस्थान में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और विद्युत वितरण नेटवर्क को अधिक कारगर बनाने की दिशा में जयपुर डिस्कॉम ने महत्वपूर्ण पहल की है। जयपुर विद्युत वितरण निगम और ऊर्जा क्षेत्र की वैश्विक संस्था ग्लोबल एनर्जी एलायंस फॉर पीपल एंड प्लैनेट (जी-ऐप) के बीच देश की पहली वितरण ट्रांसफॉर्मर स्तर की सोडियम-आयन बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली की पायलट परियोजना विकसित करने जा रहे हैं।
विद्युत वितरण निगमों की राष्ट्रीय कांफ्रेंस के दूसरे दिन इन दोनों संस्थाओं ने इसके लिए जयपुर के के.एल. सैनी स्टेडियम में 250 किलोवाट/250 किलोवाट-घंटा क्षमता की पायलट परियोजना को विकसित करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रण (आरएफपी) जारी किया। इस परियोजना के माध्यम से जयपुर के मानसरोवर क्षेत्र में विद्युत की अधिकतम स्थानीय मांग का प्रबंधन करने तथा रूफ टॉप सोलर से उत्पादित बिजली का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने में सोडियम-आयन बैटरी तकनीक की क्षमता का आकलन किया जाएगा।
