मेक्सिको और भारत ने वरीयतापूर्ण व्यापार समझौते ( पीटीए ) पर बातचीत के लिए कार्य क्षेत्र संबंधी शर्तों पर हस्ताक्षर करके अपने आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह समझौता बातचीत के लिए एक रूपरेखा , दायरा , तौर-तरीके और योजना तय करता है , जिसका उद्देश्य दोनों देशों के लिए नए आर्थिक अवसर पैदा करना है।
इस समझौते के साथ ही एक ऐसे पीटीए के लिए बातचीत औपचारिक रूप से शुरू हो गई है , जो दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद और संतुलित होगा। इसमें द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने , व्यावसायिक अवसर सृजित करने , निवेश प्रवाह को बढ़ाने और एक मजबूत तथा विविध आपूर्ति श्रृंखला बनाने की क्षमता है।
यह पहल जून 2025 में कनाडा में जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति डॉ. क्लाउडिया शिनबाम के बीच हुई बातचीत का परिणाम है जिसमें दोनों नेताओं ने भारत-मेक्सिको साझेदारी को और अधिक मजबूत और गहरा करने पर सहमति जताई थी।
