
जयपुर। राजस्थान की वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री, प्रखर वक्ता, कवयित्री, लेखिका एवं समर्पित जननेत्री डॉ. गिरिजा व्यास जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है।
भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. व्यास का जीवन सेवा, समर्पण और संस्कारों की मिसाल रहा है।
डॉ. गिरिजा व्यास जी ने अपने दीर्घ और प्रेरणादायी सार्वजनिक जीवन में राजस्थान और देश की राजनीति को एक नई दिशा दी। वे राजस्थान विधानसभा की सदस्य, पर्यटन राज्य मंत्री, लोकसभा सांसद, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री और दो कार्यकाल तक राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं।
उनका योगदान न केवल राजनीति और प्रशासन, बल्कि समाज और साहित्य में भी गहराई से अनुभव किया गया। एक कवयित्री और लेखिका के रूप में उन्होंने संवेदना, चेतना और सामाजिक चेतना के स्वर में अपनी विशेष पहचान बनाई। उनकी स्वच्छ छवि, बौद्धिक गंभीरता और नारी सशक्तिकरण हेतु समर्पण ने उन्हें एक आदर्श जननेत्री के रूप में स्थापित किया।
डॉ. व्यास जी का निधन भारतीय राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए एक अपूरणीय क्षति है। भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती है तथा उनके परिजनों, अनुयायियों और शुभचिंतकों के प्रति गहन संवेदना प्रकट करती है।