जिले में एक साल में विभिन्न विभाग करवा सकेंगे करीब 500 करोड़ के विकास कार्य
बीकानेर 24 मार्च। वीबी-जी-रामजी योजनान्तर्गत जिले की वार्षिक कार्य योजना वर्ष 2026-27 हेतु विभिन्न विभागों के प्रस्ताव लेने को लेकर मंगलवार शाम को जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलक्टर श्रीमती नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर श्रीमती वृष्णि ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 10 अप्रैल तक सभी संबंधित विभाग अपने प्रस्ताव तैयार करवा कर युक्त धारा पोर्टल पर अपलोड करवाने की कार्यवाही करे।
इससे पूर्व जिला परिषद सीईओ श्री सोहन लाल ने वीबी-जी-रामजी योजना को लेकर पीपीटी के जरिए प्रेजेंटेशन देते हुए बताया कि योजना अंतर्गत शिक्षा, वाटरशैड, पीडब्ल्यूडी, जल संसाधन, पीएचईडी, वन, स्वच्छ भारत मिशन, राजीविका, कृषि, महिला एवं बाल विकास, एवं रसद विभाग के द्वारा कौन-कौन से कार्य करवाए जा सकते हैं।
अब वीबी-जी-रामजी योजना विभिन्न विभाग ये करवा सकेंगे कार्य
सीईओ ने बताया कि योजना अंतर्गत शिक्षा विभाग ग्रामीण क्षेत्र में लाइब्रेरी, खेल मैदान, स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर, कक्षा कक्ष, लेबोरेट्री, कंपाऊंड वॉल, किचन शेड का निर्माण करवा सकेगा। इसी तरह पीडब्ल्यूडी विभाग गांवों में सड़कों का निर्माण व उनका अपग्रेडेशन, गांवों को जोड़ने वाली रोड़, पुलिया, क्रॉस ड्रेनेज स्ट्रक्चर, ट्रांसपोर्ट शेड का निर्माण करवा सकेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण, रसद विभाग अन्न भंडारण बिल्डिंग, कृषि विभाग कोल्ड स्टोरेज यूनिट, कृषि उत्पाद स्टोरेज स्ट्रक्चर, राजीविका स्वयं सहायता समूह के लिए बिल्डिंग, ग्रामीण हाट, ट्रेनिंग व स्किल डवलपमेंट सेंटर बिल्डिंग, वन विभाग नर्सरियों का निर्माण, पौधा रोपण, पीएचईडी जेजेएम के अंतर्गत हुए कार्यों का रिपेयर व मेंटेनेंस, रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर, आईजीएनपी में नहरों का निर्माण, डायवर्सन चैनल, माइक्रो इरीगेशन चैनल इत्यादि का निर्माण करवा सकेगा।
बैठक में खाजूवाला विधायक डॉ विश्वनाथ मेघवाल, कोलायत विधायक श्री अंशुमान सिंह भाटी,सीईओ जिला परिषद श्री सोहन लाल, एसीईओ श्री दिलीप कुमार, अधिशासी अभियंता (ई जी एस ) अशोक गहलोत समेत योजनांतर्गत आने वाले विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
,