उदयपुर। मेवाड़ राज घराने के सदस्य एवं सिटी पैलेस के संरक्षक अरविंद सिंह मेवाड़ का रविवार सुबह निधन हो गया, जिसके बाद उनके निवास स्थान शंभू निवास में गमगीन माहौल बना हुआ है। परिवार के सदस्यों और करीबी लोगों का आना-जाना लगातार जारी है। उनके पार्थिव शरीर को शंभू निवास में रखा गया है, जहां 17 मार्च सुबह 7 बजे से आमजन उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे।
लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ अपने पिता के निधन से अत्यधिक दुखी हैं। वे शंभू निवास के बाहर सीढ़ियों पर भावुक होकर बैठे नजर आए और उनके करीबी उन्हें सांत्वना देते दिखे।
कई गणमान्य लोग पहुंचे
सुबह से ही कई गणमान्य लोग, राजपरिवार के सदस्य और स्थानीय लोग शंभू निवास पहुंच रहे हैं। 17 मार्च को सुबह 7 बजे से अमजनता उनके अंतिम दर्शन और शुभचिंतक उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर सकेंगे। इसके बाद, दोपहर 11 बजे उनकी अंतिम यात्रा उदयपुर के प्रमुख मार्गों से होती हुई महासतिया पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।