राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में सीमा पार सिगरेट की तस्करी को करारा झटका दिया है। खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए एक अभियान में आज मिजोरम में कुल 8.64 करोड़ रुपये कीमत की 43.2 लाख विदेशी सिगरेट जब्त की गईं। म्यांमार से तस्करी करके लाई गई इस खेप को आइजोल ले जाते समय पकड़ा गया।
एक ट्रक के भारी मात्रा में विदेशी सिगरेट आइजोल ले जाने की सूचना मिलने पर, डीआरआई आइजोल क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने चंफाई-आइजोल सड़क पर निगरानी रखी। वाहन को तुइरियल गांव में रोका गया। ट्रक की गहन जांच करने पर उसमें से 432 डिब्बे बरामद हुए जिनमें " पैट्रॉन " ब्रांड की 43,20,000 सिगरेट थीं।
जांच में पता चला कि सिगरेट के पैकेटों पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद (विज्ञापन निषेध एवं व्यापार एवं वाणिज्य, उत्पादन, आपूर्ति एवं वितरण विनियमन) अधिनियम, 2003 के अंतर्गत अनिवार्य चित्र और स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां नहीं थीं। सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के अंतर्गत सिगरेट और ट्रक को जब्त कर लिया गया। ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
