
भाजपा के हर घर तिरंगा अभियान को कार्यकर्ता बनाए ऐतिहासिक- वीडी शर्मा
जयपुर,एनएसआई मीडिया। सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य हमारी नई पीढ़ी में देश भक्ति के जज्बे को बढ़ाने, आमजन में राष्ट्र प्रथम की भावना को जागृत करना है। हर घर तिरंगा अभियान में संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय बनाया गया है। भाजपा मंडल एवं शक्ति केंद्रों के माध्यम से जन जन और हर घर तक तिरंगा पहुंचा रही है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को ऐतिहासिक तिरंगा यात्राएं निकालनी होगी। इसमें महिला मोर्चा के साथ युवा मोर्चा और सभी विभाग, प्रकोष्ठ को मिलकर राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाना है।
सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने कहा कि एक ओर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ दिन—रात काम कर रहे है, वहीं दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष है जो सदन के बाहर आकर अमेरिका के सुर में सुर मिला रहे है, पाकिस्तान का एजेंडा सदन में उठा रहे है, लेकिन देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े रहने वालों को हमारी न्याय पालिका ने भी जमकर फटकार लगाई है। ऐसे में अब हम सभी की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है, भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को तिरंगा यात्रा में बढ़ चढ़कर अपनी सहभागिता निभानी है और इस अभियान को जन जन का अभियान बनाना है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं अभियान के प्रदेश संयोजक अशोक परनामी ने अभियान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा 10 से 14 अगस्त तक मंडल, जिला, संभाग स्तर पर तिरंगा यात्रा निकालेगी। इसके बाद 13 से 15 अगस्त तक घरों—प्रतिष्ठानों पर पार्टी कार्यकर्ता तिरंगा फहराएंगे। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, युद्ध स्मारकों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाएगी। इसके बाद मंडल में युद्धवीरों, शहीदों, देश की सेवा में प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस कर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। भाजपा 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएगी। इस दिन भाजपा कार्यकर्ता मौन जुलूस निकालेंगे और विभाजन त्रासदी को संगोष्ठी के माध्मय से लोगों को बताएंगे।
कार्यक्रम में मंच पर भाजपा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, भाजपा उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, मुकेश दाधीच, नाहर सिंह जोधा, महामंत्री श्रवण सिंह बगडी, संतोष अहलावत, ओमप्रकाश भडाना, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, अभियान सह संयोजक महेंद्र बोहरा उपस्थित थे। कार्यशाला में मुकेश दाधीच ने धन्यवाद ज्ञापित किया और मंच संचालन पूर्व विधायक रामलाल शर्मा ने किया। बैठक में बीजेपी के जिला अध्यक्ष और सयोंजक शामिल हुए।