बीकानेर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को बीकानेर पहुंचे। अपने दौरे के दौरान उन्होंने श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र के मेघासर में ग्राम संस्थापक मेघोजी उपाध्याय की अश्वारूढ़ प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने मेघोजी उपाध्याय के योगदान को याद करते हुए उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं।कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार अर्जुनराम मेघवाल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक अंशुमान सिंह भाटी, जेठानंद व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

मुंधड़ा मेडिसिन विंग का करेंगे उद्घाटन-मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीकानेर में पीबीएम हॉस्पिटल में नव निर्मित मुंधड़ा मेडिसिन विंग का उद्घाटन भी करेंगे।
पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय में ‘एट होम’ कार्यक्रम में होंगे शामिल-मुख्यमंत्री इसके बाद राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (RAJUVAS), बीकानेर में आयोजित ‘एट होम’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में करेंगे ध्वजारोहण-मुख्यमंत्री का बीकानेर दौरा स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले वे स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में ध्वजारोहण और शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और आमजन की सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। मेघासर में प्रतिमा अनावरण के साथ मुख्यमंत्री का यह दौरा क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत और विकास कार्यों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।