
नई दिल्ली,एनएसआई मीडिया । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर को हैदराबाद टीम की मेंटोर नियुक्त किया गया है। जाफर अब हैदराबाद के खिलाड़ियों को क्रिकेट की कोचिंग देंगे। भारतीय घरेलू क्रिकेट में इस बल्लेबाज ने सबसे अधिक रन बनाए हैं और इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का भी प्रतिनिधित्व किया है। वे तकनीकी रूप से बेहद सक्षम बल्लेबाज थे और इसी वजह से अब उन्हें हैदराबाद की टीम के साथ काम करने का मौका मिला है।
जाफर डोमेस्टिक क्रिकेट में हैदराबाद के साथ दिखाई देंगे और युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन करेंगे। इससे पहले भी उन्हें कोचिंग का अनुभव रहा है, जिसका फायदा युवा प्लेयर्स को मिलेगा। जाफर कों हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के साथ जुड़ने के पीछे की वजह अंबाती रायडू को बताया गया है।
जाफर बने मेंटोर
घरेलू क्रिकेट में टीम को मजबूत करने और बल्लेबाजों को बेहतर तकनीकी सिखाने के लिए जाफर को मेंटोर नियुक्त किया गया है। क्रिकबज से बात करते हुए हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव टी. बसवराजू ने कहा, “कुछ टेक्निकल और औपचारिकताओं को छोड़कर इसको अंतिम रूप दिया जा चुका है। हम कल (30 जून) को इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे।”
जाफर को पहले से है कोचिंग का अनुभव
ऐसा पहली बार नहीं है, जब जाफर किसी टीम का मार्गदर्शन करते हुए दिखाई देंगे। इससे पहले भी उन्हें कोचिंग का अनुभव है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने इससे पहले उत्तराखंड की कोचिंग कर चुके हैं। वे पिछले साल विदर्भ के बल्लेबाजी सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे थे। इसके अलावा जाफर ने आईपीएल में पंजाब किंग्स की कोचिंग की है। बांग्लादेश राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के साथ भी उन्हें काम करने का अनुभव है।
जाफर का इंटरनेशनल क्रिकेट करियर
जाफर ने भारत के लिए 31 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 34.11 की औसत के साथ 1944 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 5 शतक और 11 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 212 रन रहा है। इसके अलावा वे भारतीय घरेलू क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं।