
नई दिल्ली,एनएसआई मीडिया। दिल्ली कैपिटल्स के आशुतोष शर्मा की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हारी हुई बाजी जीत ली।. लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने 65 पर 5 और 113 पर 6 विकेट गंवा दिए थे। फिर आशुतोष शर्मा और विपराज निगम ने आतिशी बल्लेबाजी की। आशुतोष ने 30 गेंद में नाबाद 60 रनों की मैच विनिंग पारी खेली और टीम को सिक्स लगाकर जीत दिलाई। वहीं विपराज ने 15 गेंद में 39 रन बनाए।
लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस मैच में पहले खेलने के बाद निकोलस पूरन 75 और मिशेल मार्श 72 की तूफानी पारियों की बदौलत 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन बनाए थे. जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने अंतिम ओवर में तीन गेंद शेष रहते एक विकेट से मैच जीता।
अच्छी नहीं रही दिल्ली की शुरुआत
दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 65 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। फिर मैदान पर आशुतोष आए। उन्होंने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ 48 रन की साझेदारी निभाई। स्टब्स के आउट होते ही लगा कि दिल्ली की उम्मीदों पर पानी फिर गया है, क्योंकि आशुतोष तब बड़ी हिट नहीं लगा पा रहे थे।
विपराज स्टब्स के 13वें ओवर में आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए उतरे। तब स्कोर 113 रन पर छह विकेट था। ट्रिस्टन स्टब्स 22 गेंद में 34 रन बनाकर आउट हुए थे। शुरू की दो गेंदों पर विपराज ने दो रन बनाए, लेकिन इसके बाद उन्होंने बाजी पलट दी।
विपराज ने अपने आईपीएल डेब्यू पर 15 गेंद में पांच चौके और दो छक्के की मदद से 39 रन बनाए। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 260 का रहा। उन्हें दिग्वेश राठी ने सिद्धार्थ के हाथों कैच कराया। हालांकि, जब वह पवेलियन लौटे तो दिल्ली की टीम वापसी कर चुकी थी। उन्होंने मैच में एक विकेट भी लिया। विपराज ने एडेन मार्करम को आउट किया था।

20 साल की उम्र में विपराज निगम ने सीनियर क्रिकेट में तेजी से प्रगति की और नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 50 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। राशिद खान से प्रेरित एक लेग स्पिनर विपराज निगम स्पिन की मददगार सतहों पर घातक टर्न के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स के साथ यूपीटी 20 लीग में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। इस लीग में उन्होंने 12 मैचों में 11.15 के स्ट्राइक रेट और 7.45 की इकॉनमी से 20 विकेट लिए थे। उनके शानदार प्रदर्शन के कारण 2024-25 सीजन में उन्हें उत्तर प्रदेश की सीनियर टीम के लिए डेब्यू करने का मौका मिला। वह लोअर ऑर्डर में बड़े हिट भी लगा सकते हैं। वह लोअर ऑर्डर में बड़ी हिट लगाने का दमखम रखते हैं और यह उन्होंने अपने आईपीएल डेब्यू पर करके दिखाया।